[ad_1]
आशीष कुमार/ पश्चिम चम्पारण.नेपाल में भारतीय करेंसी के चलन पर पिछले कुछ महीनों से संकट मंडरा रहा है. कहीं इंडियन करेंसी के अवमूल्यन का मामला सामने आ रहा है, तो कहीं 100 रुपए से बड़े सभी भारतीय नोटों के बैन का मामला गरमाया है. ऐसे में हमने आपको नेपाल में चल रहे भारतीय करेंसी पर हर एक विवाद की आधिकारिक पुष्टि के साथ जानकारी दी है. लेकिन अब जो मामला सामने आया है, उसने करेंसी के इस विवाद को एक अलग ही रूप दे दिया है. दरअसल, नेपाल के जनकपुर के पेट्रोल पंप से एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसपर नेपाल में भारतीय रुपए से कारोबार नहीं करने की बात लिखी है. गौर करने वाली बात यह है कि इस तस्वीर ने एक अलग ही बखेड़ा खड़ा कर दिया है. नेपाल में आईसी के अवमूल्यन तक तो बात सही थी, लेकिन अब आईसी से व्यापार पर पूर्णतः प्रतिबंध वाली तस्वीर ने मामले को काफी गंभीर कर दिया है. ऐसे में हमने खुद वहां के पेट्रोल पंप पर वायरल हो रहे तस्वीर की जांच की और वास्तविकता का पता लगाया.
पेट्रोल पंपों पर चिपका दिया नोटिस
बता दें कि बिहार-नेपाल सीमा के रक्सौल से सटे बीरगंज सहित अन्य कई जगहों पर बीते कुछ महीनों से भारतीय करेंसी को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है. पहले तो आईसी के अवमूल्यन का मामला सामने आया और अब नेपाल में इंडियन करेंसी पर प्रतिबंध का मामला सामने आ रहा है. दरअसल, बिहार की सीमा से सटे नेपाल में स्थित अधिकांशतः पेट्रोल पंपों पर भारतीय रुपए को स्वीकार नहीं किया जा रहा है. नेपाल के बीरगंज तथा जनकपुर सहित अन्य कई जगहों पर स्थित पेट्रोल पंपों पर नोटिस भी चिपकाया गया है, जिसपर नेपाल में भारतीय करेंसी के नहीं चलने की बात स्पष्ट रूप से लिखी हुई है.
आधिकारिक रूप से कोई घोषणा नहीं
रक्सौल के रहने वाले व्यवसाई अमित कुमार ने बताया कि काम के सिलसिले में वो अक्सर नेपाल जाते रहते हैं. इस दौरान वे वहां आईसी का उपयोग भी करते हैं, लेकिन कुछ महीनों से उन्हें वहां इसके उपयोग में परेशानी आ रही है. बकौल अमित अधिकांशतः पेट्रोल पंपों पर इंडियन करेंसी स्वीकार नहीं की जा रही है. कुछ ऐसे पेट्रोल पंप हैं, जहां आईसी स्वीकार तो की जा रही है, लेकिन उनकी कीमत मानक दर से कम लगाई जा रही है. समझने वाली बात यह है कि इंडियन करेंसी के अवमूल्यन या फिर नेपाल में इसके चलन पर प्रतिबंध को लेकर किसी भी प्रकार का गाइडलाइन न तो नेपाल राष्ट्र बैंक ने जारी किया है और न ही नेपाल सरकार ने. इसके बावजूद आईसी को लेकर नेपाल में इस प्रकार का बर्ताव मामले को काफी गंभीर करता जा रहा है.
.
Tags: Hindi news, Indian currency, Local18
FIRST PUBLISHED : July 20, 2023, 10:06 IST
[ad_2]
Source link


