Tuesday, May 20, 2025
Homeअंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 6 हजार से...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 6 हजार से अधिक लोगों ने बारिश के बीच किया योग

देश प्रहरी की खबरें अब Google news पर

क्लिक करें

रांची। स्वास्थ्य मंत्री श्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि 21 जून वर्ष का सबसे लंबा दिन है और इस दिन जीवन को लंबा बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। योग को अपने जीवन में आत्मसात कर हम अपने स्वास्थ्य एवं मन को सुदृढ़ कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता में बढ़ोतरी होती है। हमें मिल कर स्वस्थ एवं समृद्ध झारखण्ड के सपने को साकार करना है। वह बुधवार को आयुष विभाग द्वारा मेकॉन स्टेडियम, रांची में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में लोगों को संबोधित कर रहे थे।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 6 हजार से अधिक लोगों ने बारिश के बीच योगाभ्यास किया। उनके बीच विभाग द्वारा टी-शर्ट और योगा मैट वितरित किए गए। योग प्रशिक्षक सुश्री अर्चना कुमारी द्वारा कार्यक्रम में योगाभ्यास कराया गया। उस दौरान योगा फ्लैग होस्टिंग भी की गई। राज्य के विभिन्न जिलों में आयुष विभाग द्वारा योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लगभग 5 लाख से अधिक लोगों ने योगाभ्यास किया।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री श्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि पूरी दुनिया आज भारत को योग गुरु के रूप में जान रही है। योग को अपनाकर हम केवल शारीरिक ही नहीं, अपितु मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहते हैं और साथ ही अपनी इंद्रियों को भी नियंत्रित करना सीखते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य की जनता के स्वास्थ्य के लिए कार्य कर रही है। हमें योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लेना है और खुद को स्वस्थ बनाना है।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती महुआ माजी ने कहा कि योग हमारे घर-घर में है। हम सब का कुछ समय के लिए पश्चिमी सभ्यता की ओर झुकाव बढ़ गया था, लेकिन आज फिर से हम अपनी पुरानी पद्धति को अपना रहे हैं, साथ ही दुनिया को भी इसका संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज राज्य सरकार के नेतृत्व में आयुष के क्षेत्र में कई बड़े कार्य किए जा रहे हैं। एक ओर जहां आयुष चिकित्सकों की बहाली हुई है, वहीं कई आयुष अस्पताल भी खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा संजीवनी ऐप पर मुफ्त में लोगों को चिकित्सीय परामर्श दिया जा रहा है, जिससे लोग स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

अपर मुख्य सचिव श्री अरूण कुमार सिंह ने कहा कि योगाभ्यास हमारी दिनचर्या में सम्मिलित है। योग केवल एक दिन करने का कार्य नहीं है, अपितु इसे पूरे वर्ष कर स्वास्थ्य लाभ लेना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में आयुष के क्षेत्र में बजट को बढ़ाया गया है। राज्य में 748 वेलनेस सेंटर खोले जा रहे हैं। रांची, जमशेदपुर, गुमला, देवघर एवं दुमका में आयुष अस्पताल बनाए जा रहे हैं। सरकार ने 552 आयुष पदाधिकारियों को भी नियुक्ति पत्र दिया है। वे अपने क्षेत्र में लोगों के स्वास्थ्य हित के लिए कार्य कर रहे है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद समीर उरांव, विधायक श्री समरीलाल, अपर मुख्य सचिव श्री अरूण कुमार सिंह, पर्यटन सचिव श्री मनोज कुमार, उपयुक्त रांची एवं बड़ी संख्या में योग करने वाले उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments