Friday, September 20, 2024
HomePakurमैराथन दौड़ में ब्रेंटियस मरांडी ने मारी बाजी, सुनील टुडु दूसरे व...

मैराथन दौड़ में ब्रेंटियस मरांडी ने मारी बाजी, सुनील टुडु दूसरे व अर्जुन रविदास तीसरे स्थान पर रहे

देश प्रहरी की खबरें अब Google news पर

क्लिक करें
  • गर्ल्स में संगीता मरांडी प्रथम स्थान,फुल कुमारी मड़ैया दूसरी स्थान एवं रिया कुमारी तीसरी स्थान पर रही
  • गणतंत्र दिवस के अवसर पर मैराथन दौड़ का हुआ आयोजन
  • दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए सहायक समाहर्ता (भा०प्र०से०) डॉ कृष्णकांत कनवाड़िया व प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन ने भी दौड़ पुरी की

पाकुड़। 75 वें गणतंत्र दिवस के पूर्व दिन पर जिला प्रशासन द्वारा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन दौड़ की शुरूआत गुरुवार को सिद्धो कान्हू मुर्मू पार्क स्थित वीआईपी रोड से हुई। दौड़ को उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल व पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन दौड़ में काफी संख्या में लड़कों ने हिस्सा लिया। मैराथन दौड़ वीआईपी रोड से शुरू होकर सोनाजोड़ी और वहां से वीआईपी रोड आकर समाप्त हुई।

प्रतिभागियों के साथ उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल एवं उनकी धर्मपत्नी रुचि बरनवाल, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी हरवंश पंडित समेत अन्य पदाधिकारी भी इस मैराथन दौड़ में शामिल हुए।

मैराथन दौड़ में प्रथम स्थान दुमका निवासी ब्रेंटियस मरांडी ने अर्जित की। वहीं द्वितीय व तृतीय स्थान क्रमशः पाकुड़िया निवासी सुनील टुडु एवं जंगीपुर निवासी अर्जुन रविदास ने अर्जित की।

मौके पर उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने कहा कि इस मैराथन दौड़ के आयोजन का मकसद देश के लिए युवाओं को उनके दायित्व के लिए जागृत करना है। समाज में एकता व सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे इसके लिए हम सबों को मिलकर प्रयास करना होगा।

मैराथन में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान अर्जित करने वाले युवाओं के चेहरे पर प्रसन्नता साफ झलक रही थी। वह इस आयोजन को लेकर काफी खुश थे। कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न खेल संघों एवं सिविल सोसाइटी के सहयोग से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैराथन का आयोजन किया जाता है। इस बार भी इसका आयोजन किया गया। प्रथम स्थान अर्जित करने वाले टोनाय मुर्मू को बतौर पुरस्कार साइकिल दिया गया। वहीं अन्य दोनों द्वितीय व तृतीय स्थान अर्जित करने वाले धावकों को भी पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा उपायुक्त ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को दिलाई शपथ।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने शपथ दिलाया कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मंच का संचालन रतन सिंह ने किया।

मौके पर उप विकास आयुक्त शाहिद अख्तर, सिविल सर्जन डॉ० मंटू कुमार टेकरीवाल, अनुमंडल पदाधिकारी हरिवंश पंडित, स्थापना उप समाहर्ता विकास कुमार त्रिवेदी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, पाकुड़ एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, जिला खनन पदाधिकारी प्रदीप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक मुकुल राज, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, पाकुड़ बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू, अंचलाधिकारी भागीरथ महतो, प्रशासक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा व अन्य पदाधिकारी समेत जिले के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments