पाकुड़। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) पाकुड़ जिला इकाई ने हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजयुमो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिलाध्यक्ष दीपक साहा के नेतृत्व में पाकुड़ कोर्ट के निकट एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कोर्ट परिसर के निकट धरना, सरकार के खिलाफ गूंजे नारे
धरना-प्रदर्शन के दौरान कोर्ट के आसपास काफी गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राज्य में सच लिखने और निष्पक्ष रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पत्रकार की तत्काल रिहाई और निष्पक्ष जांच की मांग
धरना को संबोधित करते हुए भाजपा नेता अनुग्राहित प्रसाद साह, अमृत पांडेय, शीलारानी हेम्ब्रम, मिथिलेश ठाकुर, सोहन मंडल, पंकज साह, रतन भगत और विश्वनाथ भगत ने अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई की मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। साथ ही राज्य में पत्रकारों के खिलाफ कथित तौर पर की जा रही दंडात्मक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
विधायक पर गंभीर आरोपों की रिपोर्टिंग करने पर गिरफ्तारी का दावा
जिला महामंत्री रूपेश भगत ने मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की द्वारा लगाए गए कथित यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों (पोक्सो) से जुड़े मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। उन्होंने इस गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि गंभीर आरोपों से घिरे विधायक खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार को जेल भेज दिया गया है।
भाजयुमो ने गिरफ्तारी को बताया अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला
युवा मोर्चा के नेताओं ने गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए अभिषेक भारती को बिना शर्त तत्काल रिहा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों का काम जनता तक सच्चाई पहुंचाना है। यदि पत्रकारों को उनकी रिपोर्टिंग के कारण कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, तो यह स्वतंत्र पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि पत्रकार अभिषेक भारती को जल्द रिहा नहीं किया गया और मामले में न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रसन्ना शंकर मिश्रा ने किया धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम के अंत में भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रसन्ना शंकर मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और धरना-प्रदर्शन में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
धरना-प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
मौके पर जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, सुकुमार साह, आशीष सेन, करण मंडल, पार्थ रक्षित, मोहन मंडल, धर्मेंद्र त्रिवेदी, मनीष राज चौबे, कुनाल गोस्वामी, पवन भगत, मोहन सरकार, दुलाल सिंह, जितु सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।


