Wednesday, March 19, 2025
HomePakurभाजपा ने महेशपुर थाना प्रभारी की कार्रवाई को बताया तुष्टिकरण से प्रेरित,...

भाजपा ने महेशपुर थाना प्रभारी की कार्रवाई को बताया तुष्टिकरण से प्रेरित, दी आंदोलन की चेतावनी

देश प्रहरी की खबरें अब Google news पर

क्लिक करें

प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी व जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने की प्रेस वार्ता

पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी और जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने एक अहम प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने महेशपुर थाना प्रभारी की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए और इसे संथाल समाज की आस्था पर हमला करार दिया।

बाहा पर्व में शामिल होने पर आरोप, प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल

प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने बताया कि महेशपुर थाना प्रभारी ने उन पर शांति व्यवस्था भंग करने का आरोप लगाते हुए अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन दिया। इसके आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के तहत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि बाहा पर्व संथाल समाज का एक महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है और इसमें प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शामिल होने के बावजूद यह सवाल उठाया जाना समझ से परे है कि कानून व्यवस्था का उल्लंघन कैसे हुआ।

उन्होंने इस कार्रवाई को संथाल समाज की धार्मिक आस्था पर हमला करार देते हुए कहा कि यह न केवल भाजपा नेताओं बल्कि पूरे आदिवासी समाज को अपमानित करने की साजिश है।

जिलाध्यक्ष ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र, महेशपुर थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप

भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने इस मामले को राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि महेशपुर थाना प्रभारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर यह आरोप लगाया कि 9 मार्च को दुर्गा मरांडी ने लगभग 100 लोगों को बहला-फुसलाकर बहा पर्व मनाया।

हालांकि, इस आयोजन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। बावजूद इसके, 72 घंटे बाद यानी 12 मार्च को अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग करना संदेहास्पद है। उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से राजनीतिक दबाव और तुष्टिकरण की राजनीति से प्रेरित कार्रवाई बताया।

महेशपुर विधायक और सांसद की संलिप्तता का आरोप

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में महेशपुर विधायक और राजमहल सांसद का हस्तक्षेप साफ झलकता है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी पर इन नेताओं का दबाव था, जिसके कारण राजनीतिक बदले की कार्रवाई की गई।

भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी, 48 घंटे में माफी नहीं मांगने पर होगा प्रदर्शन

भाजपा नेताओं ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और आदिवासी समाज की आस्था पर कुठाराघात बताया। उन्होंने मांग की कि महेशपुर थाना प्रभारी अगले 48 घंटे के भीतर दुर्गा मरांडी से माफी मांगे। यदि ऐसा नहीं होता है, तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

बैठक में मौजूद रहे कई भाजपा नेता

इस प्रेस वार्ता में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें चंडालमारा के मुखिया धनेश्वर हेंब्रम, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत, राजू मुर्मू, प्रधान बिरजू मरांडी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह और नागेश्वर हेंब्रम शामिल थे।

भाजपा ने इस पूरे मामले को भाजपा नेताओं को दबाने और संथाल समाज की आस्था पर प्रहार करार देते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द ही इस अन्याय का समाधान नहीं किया गया तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments