काठमिल महेशपुर में भाजपा की जिला स्तरीय योजना बैठक आयोजित
पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के तहत पाकुड़ जिला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय योजना बैठक का आयोजन काठमिल महेशपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने की। बैठक में संगठन को अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से प्रशिक्षित करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
प्रदेश एवं जिला स्तर के नेताओं की रही मौजूदगी
बैठक में प्रभारी के रूप में दुमका के पूर्व जिलाध्यक्ष निवास मंडल उपस्थित रहे। इसके अलावा पाकुड़ जिला के अंतर्गत आने वाले सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद साह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और विचारधारा आधारित राजनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।
28 और 29 मई को आयोजित होगा जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग
बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आगामी 28 और 29 मई को पाकुड़ में आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री, प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
नेताओं ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक विकास का माध्यम बनेगा। इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति, सिद्धांत, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा जनसंपर्क अभियान की जानकारी दी जाएगी।
“भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी” — निवास मंडल
बैठक को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी निवास मंडल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से अनुशासित, परिश्रमी और समर्पित नेतृत्व तैयार होता है।
उन्होंने सभी मंडलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण वर्ग में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” केवल राजनीतिक प्रशिक्षण नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित आदर्श नागरिक तैयार करने का अभियान है।
“प्रशिक्षण वर्ग कर्मयोगी कार्यकर्ताओं की जीवंत साधना”
निवास मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण वर्गों को “कर्मयोगी कार्यकर्ताओं की जीवंत साधना” कहा जाता है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के दौरान प्रदेश नेतृत्व की अपेक्षा के अनुरूप सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए रात्रि प्रवास भी सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि संगठनात्मक अनुशासन और सामूहिक सहभागिता को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि वैचारिक रूप से सुदृढ़ होने की प्रक्रिया है। जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता विचारों से मजबूत और व्यवहार से विनम्र होगा, तभी समाज में सेवा, समरसता और संगठन की शक्ति का वास्तविक विस्तार संभव हो सकेगा।
“अंत्योदय और एकात्म मानववाद भाजपा की आधारशिला” — सरिता मुर्मू
भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं बल्कि कार्यकर्ता निर्माण का सतत माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग में प्रत्येक विषय को अनुभवी एवं योग्य वक्ताओं के माध्यम से विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया जाएगा ताकि कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा को गहराई से समझने का अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का “अंत्योदय” और “एकात्म मानववाद” भाजपा की संस्कृति और विचारधारा की आधारशिला है। यह प्रशिक्षण वर्ग उसी दर्शन को कार्यकर्ताओं के जीवन और कार्यशैली में उतारने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता लाने पर जोर
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद साह ने कहा कि भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के भीतर वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियानों से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावशाली बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन वही होता है, जहां कार्यकर्ता वैचारिक रूप से जागरूक और समाज के प्रति समर्पित हों। भाजपा इसी उद्देश्य के साथ लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
संगठनात्मक मजबूती और सेवा भाव पर चर्चा
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा पहुंचाने तथा सेवा कार्यों को गति देने पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और समाज के हर वर्ग के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इन नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री साधन ठाकुर ने किया। बैठक में हिसाबी राय, शर्मिला रजक, अमृत पांडेय, दुर्गा मरांडी, नोरेन साहा, जयंत मंडल, जुनास टूडु, राहुल मिश्रा, रूबीलाल हांसदा, मोजेश टुडू, संजीव भगत, सुरेंद्र प्रसाद भगत, मनोज सिंह, धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


