Thursday, November 19, 2026
HomePakurअब बदलेगी दो वार्डों की सूरत! 50 लाख की योजनाओं का शिलान्यास,...
एडिटर इन चीफ
धर्मेन्द्र सिंह

अब बदलेगी दो वार्डों की सूरत! 50 लाख की योजनाओं का शिलान्यास, सड़क से नाली तक होगा कायाकल्प

देश प्रहरी की खबरें अब Google news पर

क्लिक करें

पाकुड़। सालों से जर्जर सड़कों और जलजमाव की परेशानी झेल रहे पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 और 16 के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब इन वार्डों की तस्वीर बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। सड़क की बदहाली से मुक्ति मिलेगी तो वहीं नालियों की सूरत भी संवरेगी। नगर परिषद ने करीब 50 लाख रुपये की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।

इसी कड़ी में नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड पार्षद मो. मुस्ताक अंसारी एवं मो. रियाज अंसारी ने कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी की मौजूदगी में संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया।

हीरा स्वीट्स से सब्जी मंडी तक चमकेगी सड़क

योजनाओं के तहत हीरा स्वीट्स से बगानपाड़ा और मारवाड़ी टोला होते हुए सब्जी मंडी तक सड़क का कालीकरण कराया जाएगा। वहीं, साधु पोखर छठ पोखरा के समीप सड़क निर्माण के साथ नाली का जीर्णोद्धार भी होगा। इन कार्यों के पूरा होने से न केवल लोगों का आवागमन आसान होगा, बल्कि बरसात के दिनों में जलजमाव और जल निकासी की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।

‘सड़क, नाली और बुनियादी सुविधाएं हमारी प्राथमिकता’

शिलान्यास के मौके पर वार्ड पार्षद मो. मुस्ताक अंसारी और मो. रियाज अंसारी ने कहा कि जनता को बेहतर सड़क, सुचारु जल निकासी और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में शपथ लेने के साथ ही उन्होंने वार्ड की जनता की सेवा और समस्याओं के समाधान का संकल्प लिया था।

पार्षदों ने कहा कि वार्ड के लोग लंबे समय से जर्जर सड़कों, जलजमाव और अव्यवस्थित नालियों की समस्या से जूझ रहे थे। इन योजनाओं के पूरा होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उनका प्रयास है कि वार्ड के हर मोहल्ले तक विकास की रोशनी पहुंचे और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हो।

सिर्फ शिलान्यास नहीं, गुणवत्ता की भी हो परीक्षा!

पार्षदों ने निर्माण कार्य में लगे संवेदकों और संबंधित अधिकारियों से स्पष्ट अपील की कि योजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि जनता को विकास का लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने आने वाले समय में दोनों वार्डों को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करने का संकल्प भी दोहराया।

इधर, शिलान्यास के बाद स्थानीय वार्डवासियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही सड़क और नाली की समस्याओं से अब छुटकारा मिलेगा। वार्डवासियों ने विकास योजनाओं की पहल के लिए नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।

ये लोग रहे मौजूद

मौके पर वार्ड पार्षद निभा देवी, अनिकेत गोस्वामी, राखी सरदारिन, पूनम देवी, तनु दास, कृष्णा शर्मा, विमल चंद्र राउत, चेनु बीबी, रबिया बीबी, गुड्डू कुमार भगत, सहायक अभियंता पीयूष कुमार, कनीय अभियंता शाहिद सिद्दीकी, सुमन कुमार, बिमल कुमार समेत नगर परिषद के कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय वार्डवासी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments