विभिन्न पंचायतों में चलाया गया जागरूकता अभियान
अभियान के तहत प्रखंडों के लीगल एड क्लीनिक, वन स्टॉप सेंटर तथा शहरकोल, गंधाईपुर, जबरदाहा समेत अन्य पंचायत भवनों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल श्रम की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों और नशामुक्त समाज के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
निःशुल्क कानूनी सहायता और नागरिक अधिकारों की दी जानकारी
पैरा लीगल वॉलिंटियर्स ने अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को कानूनी अधिकारों और सभी नागरिकों के लिए उचित एवं निष्पक्ष न्याय प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही बताया कि गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद पात्र लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 की दी जानकारी
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता या जानकारी के लिए नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जरूरतमंद लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ में भी संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर डालसा की ओर से कानूनी सहायता से संबंधित जागरूकता पर्चियां भी वितरित की गईं।
कई पैरा लीगल वॉलिंटियर्स ने निभाई सक्रिय भूमिका
इस जागरूकता अभियान में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स नसीम अंसारी, लक्ष्मी कुमारी, कमला राय गांगुली, उर्मिला हेंब्रम, मनोज सोरेन, पिंटू मरांडी, चंद्रशेखर घोष, जयंती टुडू, प्रियंका हेंब्रम, मणिलाल हेंब्रम, आनंद मुर्मू, एजारुल शेख, सौरभ कुमार यादव समेत अन्य वॉलिंटियर्स ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान के माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर न्यायपूर्ण एवं बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।


