Sunday, November 15, 2026
HomePakurभगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा ने किया नमन, जिलाध्यक्ष...
एडिटर इन चीफ
धर्मेन्द्र सिंह

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा ने किया नमन, जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू बोलीं- उनका संघर्ष सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

देश प्रहरी की खबरें अब Google news पर

क्लिक करें
पाकुड़। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती सह जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पाकुड़ नगर स्थित बिरसा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष सोहन मंडल ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

मातृभूमि के लिए बिरसा मुंडा का समर्पण अनुकरणीय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मातृभूमि के लिए उनका साहस, संघर्ष और समर्पण हमें अपने कर्तव्यों के प्रति संकल्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का योगदान देश के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

उलगुलान के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को दी चुनौती

सरिता मुर्मू ने कहा कि खूंटी जिले के उलिहातु की पावन धरती पर जन्मे भगवान बिरसा मुंडा ने अपने अदम्य साहस से ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी थी। आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने उलगुलान आंदोलन का शंखनाद किया, जिसकी गूंज आज भी इतिहास में अमर है। अंग्रेजों के अत्याचारों के सामने सिर झुकाने के बजाय उन्होंने संघर्ष का रास्ता चुना और 9 जून 1900 को अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

बिरसा मुंडा की विरासत झारखंडवासियों के लिए गौरव

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अपने वीर महापुरुषों के सपनों को साकार करने के लिए लंबे संघर्ष के बाद पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में 15 नवंबर 2000 को झारखंड राज्य का गठन हुआ था। आज भी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की विरासत, उनके अधिकारों की लड़ाई और क्रांतिकारी विचार समस्त झारखंडवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री रूपेश भगत, उपाध्यक्ष हिसाबी राय, पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय, नगर महामंत्री मनीष राज चौबे, सुशील साहा, पंकज कुमार साह, धर्मेंद्र त्रिवेदी, कर्ण मंडल सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष, बलिदान और आदर्शों को नमन किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments