[ad_1]
संतोष कुमार गुप्ता, छपरा. सारण के कचहरी स्टेशन के पास कृष्णा यादव नामक युवक की हत्या मामले में अब नया मोड़ आ गया है. पुलिस पहले इसे प्रेम-प्रसंग का मामला समझ रही थी, लेकिन एसआईटी की जांच के बाद यह कांड लूट का मामला निकला. मुजफ्फरपुर रेल एसपी कुमार आशीष ने यह खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि छपरा कचहरी स्टेशन के पास हत्या मामले का रेल पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है. साथ ही तीन अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया है.
आपको बताते चलें कि पूरा मामला विगत 27 जून की है, जहां अज्ञात अपराधियों ने छपरा कचहरी के पास लूट के दौरान कृष्णा यादव को चाकू मार दिया था. जिसके बाद घायल अवस्था में उनको अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.
कृष्णा यादव हत्याकांड का एसआईटी ने कर दिया खुलासा
कृष्णा यादव हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए मुजफ्फरपुर रेल एसपी कुमार आशीष के निर्देश पर सोनपुर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक एसआईटी की टीम गठित की गई थी. जिसके बाद एसआईटी की टीम लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी. एसआईटी की टीम ने तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो घटना में इनकी संलिप्तता उजागर हुई और इस घटना में प्रयुक्त चाकू भी निशानदेही पर एसआईटी की टीम ने बरामद कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छपरा नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले गणेश प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार, दशरथ साह के पुत्र राजन कुमार एवं छपरा जिला के पोखरा थाना निवासी प्रकाश कुमार के रूप में हुई है.
27 जून को अपराधियों ने वारदात को दिया था अंजाम
रेल एसपी कुमार आशीष ने बताया कि विगत 27 जून को छपरा कचहरी के पास कुछ अज्ञात अपराधियों के द्वारा लूट के दौरान एक व्यक्ति को चाकू मार दिया था. वहीं इलाज के दौरान मौत हो गई थी. शुरुआती दौर में इसे प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देखा गया, लेकिन पुलिस ने इस मामले में गहन जांच की और इसका सफल उद्भेदन किया. पुलिस ने हत्या के तुरंत बाद इस मामले को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर एक प्राथमिकी दर्ज की थी, हालांकि अब यह मामला लूटपाट का निकला है.
.
Tags: Bihar News, Chapra news, Crime News
FIRST PUBLISHED : July 12, 2023, 11:35 IST
[ad_2]
Source link


