पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई पाकुड़ ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। व्याहूत विवाह भवन, पाकुड़ में जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित मासिक बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में जिला प्रभारी निवास मंडल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह एवं दुर्गा मरांडी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में पिछली बैठकों में लिए गए प्रस्तावों एवं निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बूथों पर ‘मन की बात’ पहुंचाने की तैयारी
जिला प्रभारी निवास मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का जिले के अधिक से अधिक बूथों पर प्रसारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि केवल कार्यक्रम का प्रसारण ही नहीं, बल्कि इसमें अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से होती है। ऐसे में प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना और आम लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखना जरूरी है।
मंडल समितियों के गठन और सत्यापन पर जोर
बैठक में सभी मंडल प्रभारियों एवं प्रवासियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मंडल समितियों का गठन कर उसका सत्यापन कराने तथा इसकी रिपोर्ट अविलंब जिलाध्यक्ष को सौंपने पर सहमति बनी।
इसके साथ ही मंडल स्तर पर नियमित प्रवास, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को लगातार गति देने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर उन्हें सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
गुरु रविदास जयंती पर चलेगा समरसता संकल्प अभियान
बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला समरसता संकल्प अभियान भी रहा। बैठक में बताया गया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के तहत ‘श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान’ चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के सभी मंडलों में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में कलश भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद विभिन्न मंदिरों में कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सामाजिक समरसता, सद्भाव और समाज के सभी वर्गों को संगठनात्मक रूप से जोड़ने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी हुई तैयारी
बैठक में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सहभागिता बढ़ाने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने की रणनीति पर चर्चा हुई।
पदाधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सक्रियता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया गया। बैठक में संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को आगामी गतिविधियों की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, शर्मिला रजक, जुनास टुडू, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष सोहन मंडल, राहुल मिश्रा, बानेश्वर सोरेन, मौजेश टुडू, धनेश्वर साहा, अजय भंडारी, करण मंडल, रूबीलाल हांसदा, सुशील साहा, दिलीप सिंह, धर्मेंद्र त्रिवेदी, सुलेमान शंकर मुर्मू, रामकुमार मंडल, पंकज कुमार साह, पार्वती देवी, प्राची चौधरी, जीतू सिंह एवं करण मुर्मू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिला महामंत्री साधन ठाकुर ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


